जिला पूर्ति अधिकारी अनिल यादव के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षक नितेश नायक ने की कार्रवाई
अमृतपुर
ग्राम पंचायत शेराखार गोटिया के उचित दर विक्रेता जगपाल के खिलाफ राशन वितरण में अनियमितता और खाद्यान्न की कालाबाजारी के मामले में विभागीय कार्रवाई अमल में लाई गई है। जिला पूर्ति अधिकारी अनिल यादव के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षक नितेश नायक द्वारा मामले की जांच कर कार्रवाई की गई।जांच के दौरान 51.80 कुंतल गेहूं, 85.994 कुंतल चावल, 18.96 कुंतल मक्का और 39.60 कुंतल बाजरा समेत अन्य खाद्यान्न के वितरण में अनियमितताएं सामने आईं। विभागीय जांच में खाद्यान्न के निर्धारित तरीके से वितरण न किए जाने तथा कालाबाजारी से जुड़े गंभीर आरोप पाए गए।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर उचित दर विक्रेता जगपाल के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत थाना राजेपुर में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है।विभागीय अधिकारियों की इस कार्रवाई से राशन विक्रेताओं में हड़कंप मचा हुआ है। जिला पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि पात्र राशन कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना अनिवार्य है और वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर जांच के बाद कठोर कार्रवाई की जाएगी।विभाग की सख्ती से साफ है कि गरीबों के हक के राशन में सेंधमारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


