यूथ इंडिया कन्नौज
सिकंदरपुर। भारतीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज सिकंदरपुर, कन्नौज में रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए आकर्षक एवं सुंदर रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।विद्यालय की ओर से प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेन्द्र कुमार की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।विद्यालय परिवार ने छात्राओं के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं में रचनात्मकता के साथ-साथ भाई-बहन के प्रेम, आपसी सद्भाव और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।


