29 C
Lucknow
Tuesday, August 25, 2026

अलग-अलग स्थानों पर बाइकों की जोरदार भिड़ंत, आधा दर्जन घायल, एक की हालत गंभीर

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। मंगलवार को शमशाबाद थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। हादसों के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग से जुड़े ठंडी कुइयां-किसरोली मार्ग पर मंदिर के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में उसामतपुर थाना कमालगंज निवासी विपिन कुमार पुत्र लवकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि विपिन की बुआ थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम मुरैठी में ब्याही हैं। वह वहां सौंनी देने गया था। इसके बाद वह अचरा में ब्याही अपनी बहन के घर सौंनी देने जा रहा था। इसी दौरान ठंडी कुइयां चौराहे के पास उसकी बाइक की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर नगला सेठ निवासी सुलभ पुत्र जगदीश के साथ पवन पुत्र रामनिवास समेत तीन लोग सवार बताए गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सभी का उपचार शुरू किया। चिकित्सक डॉ. अलीम अंसारी, फार्मासिस्ट कमलेश कुमार और विजय कुमार ने विपिन की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। अन्य घायलों का सीएचसी पर उपचार जारी रहा।
दूसरा हादसा होमगार्ड के साथ
वहीं दूसरी घटना में नैगमा निवासी होमगार्ड शीशराम किसी काम से बाइक से शमशाबाद जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात बाइक सवार ने लापरवाही से बाइक चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से होमगार्ड गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। हादसे के बाद अज्ञात बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल होमगार्ड को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद में भर्ती कराया गया। वहां फार्मासिस्ट विजय कुमार और कमलेश कुमार ने उनका उपचार शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक होमगार्ड का उपचार जारी था। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article