19 पैरामीटर पर कायाकल्प पूरा, 121 छात्र मिले नामांकित; दाल-चावल बना रहा था मध्यान्ह भोजन
फर्रुखाबाद। मुख्य विकास अधिकारी ने मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को विकासखंड बढ़पुर के कम्पोजिट कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, रंगसाजन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी अध्यापक उपस्थित मिले और विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
विद्यालय में कायाकल्प योजना के तहत निर्धारित 19 पैरामीटर पूर्ण पाए गए। विद्यालय में कुल 121 छात्र-छात्राओं का नामांकन दर्ज मिला। विद्यालय की अवस्थापना संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पर स्थिति संतोषजनक मिली।
निरीक्षण के समय विद्यालय में मध्यान्ह भोजन तैयार किया जा रहा था। मेन्यू के अनुसार रसोइयों द्वारा दाल-चावल बनाया जा रहा था। किचन में रखे मसालों की भी जांच की गई, जो कैच कंपनी के सीलबंद डिब्बों में रखे पाए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के समुचित रखरखाव, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानाध्यापक एवं समस्त अध्यापकों को शिक्षा की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


