शासन के गलियारों में हलचल, मामला शीर्ष स्तर तक पहुंचने की भी अटकलें
लखनऊ। शासन के गलियारों में एक वरिष्ठ प्रमुख सचिव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने की शिकायत पर जांच शुरू होने की चर्चा तेज है। सूत्रों के अनुसार संबंधित अधिकारी की संपत्तियों और आय के स्रोतों को लेकर शिकायत सामने आने के बाद प्रारंभिक स्तर पर पड़ताल शुरू की गई है।
बताया जा रहा है कि मामले में अधिकारी की घोषित आय, संपत्तियों और अन्य संभावित निवेश से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है। हालांकि अभी तक जांच को लेकर शासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
सूत्रों का यह भी दावा है कि मामला प्रदेश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व तक पहुंच चुका है और पूरे प्रकरण पर नजर रखी जा रही है। इसे लेकर शासन के अधिकारियों के बीच भी चर्चाओं का दौर जारी है।
हालांकि, जब तक जांच एजेंसी अथवा शासन की ओर से आधिकारिक तौर पर जांच की पुष्टि नहीं होती, तब तक संपत्ति संबंधी आरोपों को प्रमाणित तथ्य नहीं माना जा सकता। अब निगाहें इस बात पर हैं कि जांच को औपचारिक रूप से किस स्तर पर आगे बढ़ाया जाता है और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या नहीं।


