30 C
Lucknow
Tuesday, August 25, 2026

अगली जन्माष्टमी जन्मभूमि की मुक्ति के बाद मनाएं : शांतनु महाराज

Must read

 

– कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए सनातनियों से संकल्प लेने का आह्वान
– जन्माष्टमी पर एक दीप जलाकर संकल्प लेने की अपील

वृंदावन। प्रख्यात कथावाचक आचार्य शांतनु महाराज ने कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए सनातनी हिंदुओं से संकल्प लेने का आह्वान किया। वृंदावन के फोगला आश्रम में चल रही कथा के दौरान उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि अपनी आस्था और विरासत के प्रति संकल्प लेने का अवसर भी है।
कथा के दौरान उन्होंने सनातन धर्म रक्षापीठ वृंदावन के पीठाधीश्वर और श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के पक्षकार कथावाचक कौशल किशोर ठाकुर के जन्मभूमि मुक्ति के संघर्ष का उल्लेख करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि कृष्ण जन्मोत्सव मनाने से पहले एक दीपक जलाकर संकल्प लें कि अगली कृष्ण जन्माष्टमी श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के बाद ही मनाई जाएगी।
आचार्य शांतनु महाराज ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण में हिंदू पक्ष की ओर से चल रही कानूनी लड़ाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कौशल किशोर ठाकुर के संघर्ष की सराहना करते हुए न्यायालय में प्रकरण की पैरवी से जुड़े आदेश का जिक्र किया और हिंदू पक्ष की जीत की उम्मीद जताई।
आचार्य शांतनु महाराज सनातन धर्म के प्रख्यात कथावाचक और विद्वान माने जाते हैं। कुछ समय पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर स्थित गोरक्षपीठ में भी उनके कथा आयोजन की चर्चा रही है। ऐसे में वृंदावन की कथा में कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के संकल्प का आह्वान राजनीतिक और धार्मिक दोनों नजरिए से चर्चा का विषय बन गया है।
मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह परिसर से जुड़ा विवाद लंबे समय से न्यायालयों में विचाराधीन है। प्रकरण की कानूनी स्थिति को देखते हुए फिलहाल अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया पर ही निर्भर है। ऐसे में आचार्य शांतनु महाराज का आह्वान धार्मिक मंच से चल रही उस मुहिम को फिर चर्चा में ले आया है, जिसमें कृष्ण जन्मभूमि को कथित विवादित ढांचे से मुक्त कराने की मांग की जाती रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article