नई दिल्ली: भारत से फरार चल रहे तीन कुख्यात भगौड़े गैंगस्टरों को मलेशिया (Malaysia) से भारत (India) लाया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने सोमवार 24 अगस्त, 2026 को घोषणा करते हुए कहा कि ये तीनों भगौड़े गैंगस्टर बंबीहा गैंग (Fugitive Bambiha gang) से जुड़े हैं, जिसे मलयेशिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, भारत लाए गए तीन आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवनीदीप सिंह के रूप में हुई है।
इन तीनों पर जबरन वसूली, सीमा पार हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। भारतीय एजेंसियों की मदद से इन तीनों को मलेशिया से डिपोर्ट कराया गया और भारत पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गृह मंत्री कार्यालय ने भारत से फरार चल रहे तीन कुख्यात गैंगस्टरों को मलेशिया से भारत लाने की पुष्टि की है। ये तीनों लुधियाना में ग्रेनेड हमले की नाकाम साजिश में भी शामिल होने के अलावे हत्या, रंगदारी, विस्फोटक जैसे जुड़े मामलों में वांछित थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ‘ये फरार अपराधी- जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवनदीप सिंह- बंबीहा गैंग से जुड़े हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित और संरक्षित भारत के विजन के तहत, हमारी एजेंसियों ने साल 2026 में अब तक 51 कुख्यात अपराधियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी करने में सफलता हासिल की है।
गृह मंत्री कार्यालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित और सुदृढ़ भारत के विजन के तहत भारतीय एजेंसियां विदेशों में छिपे कुख्यात अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं। सरकार के मुताबिक, विदेशों में छिपकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जा रहा है। तीनों आरोपियों का प्रत्यर्पण इसी ऑपरेशन का शानदार उदाहरण है।


