क्रासर
लोहिया अस्पताल की आपातकालीन कक्ष व मर्चरी के बाहर किया हंगामा, पुलिस से हुई नोकझोंक
फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा पुल के पास सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने बाइक सवारों को मौके से जाने देने तथा मामले में तत्काल कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। बाद में पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां भी परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए काफी देर तक हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव डवरी निवासी उदयवीर पुत्र तुलाराम वर्मा खेतों से घास काटकर अपने गांव लौट रहा था। बताया गया कि वह रामगंगा पुल के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान हुल्लापुर की ओर से आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उदयवीर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, उदयवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उन्हें जाने दिया गया। उनका कहना था कि उदयवीर की मौत मौके पर ही हो चुकी थी, इसलिए पुलिस को घटनास्थल पर ही आवश्यक कार्रवाई और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए थी। इसके बजाय शव को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जिससे परिजन और अधिक आक्रोशित हो गए।
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे में युवक की जान चली गई, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों के हंगामे के चलते मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाने का प्रयास किया और शव को लोहिया अस्पताल पहुंचाया।
लोहिया अस्पताल पहुंचने के बाद भी परिजनों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। यहां भी उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों की मांग थी कि हादसे के जिम्मेदार बाइक सवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पुलिस द्वारा घटनास्थल की स्थिति, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। युवक की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है।
रामगंगा पुल के पास बाइक की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप


