संगीता सिंह बनीं मुरादाबाद कमिश्नर; आन्जनेय सिंह को नहीं मिला सेवा विस्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार रात 17 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद मंडल का नया कमिश्नर बनाया गया है। इसके साथ ही 2005 बैच के सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी आन्जनेय सिंह का यूपी में कार्यकाल समाप्त हो गया है। उन्हें आठवीं बार सेवा विस्तार नहीं मिला और अब उनका मूल कैडर सिक्किम लौटना तय माना जा रहा है।
आन्जनेय सिंह 6 मार्च 2021 से 14 अगस्त 2026 तक करीब पांच साल पांच महीने मुरादाबाद के मंडलायुक्त रहे। इससे पहले रामपुर के जिलाधिकारी रहते हुए वह सपा नेता आजम खान के खिलाफ की गई प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में आए थे। यूपी में उन्हें लगातार सात बार सेवा विस्तार मिल चुका था।
तबादला सूची में यूपी जल निगम (ग्रामीण) के एमडी डॉ. राजशेखर को भी हटाया गया है। उन्हें नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि जल निगम (ग्रामीण) के एमडी की जिम्मेदारी योगेश कुमार को दी गई है। उनकी कार्यशैली को लेकर विभागीय स्तर पर नाराजगी की बात सामने आई थी।
आयुष विभाग की महानिदेशक और राष्ट्रीय आयुष मिशन की मिशन निदेशक चैत्रा वी. को भी हटाकर राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) बनाया गया है। वहीं लंबे समय से राज्य सूचना आयोग के सचिव पद पर तैनात कुमार प्रशांत को सहकारिता विभाग का आयुक्त एवं निबंधक बनाया गया है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव विवेक श्रीवास्तव को पशुपालन विभाग में विशेष सचिव भेजा गया है। प्रमोद कुमार उपाध्याय को ग्राम्य विकास आयुक्त, अमृत त्रिपाठी को राजस्व परिषद प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) और गुर्राला श्रीनिवासुलु को राज्य सूचना आयोग का सचिव बनाया गया है।
चीनी मिलों से जुड़ी जिम्मेदारी में भी बदलाव किया गया है। वेटिंग में चल रहीं 2019 बैच की आईएएस अधिकारी अमृत पाल कौर को सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है। अमृत पाल कौर ने 2018 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में 44वीं रैंक हासिल की थी।


