शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई की तहरीर पर शमशाबाद थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद नगर पंचायत के मोहल्ला दलवीर खां निवासी जोगिंदर सिंह 16 अगस्त को बाइक से ढाई घाट रोड होते हुए मोहल्ला तराई के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोगिंदर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है।
मृतक के भाई वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर शमशाबाद थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
थाना अध्यक्ष सचिन सिंह चौधरी ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और हादसे में शामिल वाहन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज


