33 C
Lucknow
Sunday, August 23, 2026

दिल्ली: पतंग लूटने के चक्कर में हादसा, नाले में गिरा 15 वर्षीय किशोर, रेस्क्यू जारी

Must read

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली (South-East Delhi) के सरिता विहार थाना क्षेत्र के जसोला गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पतंग (kite) लूटने के दौरान 15 वर्षीय किशोर नाले में गिरकर लापता हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। किशोर की पहचान मिथुन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पतंग लूटने के दौरान नाले के पास पहुंचा और अचानक उसमें गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और किशोर की तलाश शुरू की गई। मिथुन के पिता पेशे से ऑटो चालक हैं। उनका परिवार जसोला गांव में किराये के मकान में रहता है। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार दोपहर मिथुन कटी हुई पतंग पकड़ने के लिए उसके पीछे भाग रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में गिर गया। नाले में भारी मात्रा में गाद और कचरा जमा होने के कारण राहत-बचाव अभियान में भी मुश्किलें आ रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, MCD और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

स्थानीय लोगों की मदद से टीमों ने देर रात तक किशोर की तलाश की, लेकिन गाद और अंधेरा होने के कारण उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। रात में रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। इसके बाद रविवार सुबह किशोर की तलाश फिर शुरू की गई। बचाव दल नाले के अलग-अलग हिस्सों में उसकी तलाश कर रहा है।

बताया जा रहा है कि जसोला सीवेज प्लांट से निकलने वाला शोधित पानी इसी नाले के जरिए आगरा कैनाल में जाता है। नाले का एक हिस्सा क्रिब्स अस्पताल के पास भूमिगत है, जिससे किशोर की तलाश में रेस्क्यू टीमों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाले के दोनों तरफ घनी आबादी और मकान होने के कारण मौके तक बुलडोजर जैसी भारी मशीनें पहुंचाना संभव नहीं है। ऐसे में बचाव दल को सीमित संसाधनों के साथ नाले के अंदर तलाशी अभियान चलाना पड़ रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article