आग लगने के बाद लॉक हुआ कार का दरवाजा, अंदर फंसे राजनारायण की दर्दनाक मौत
बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में कार के अंदर जिंदा जलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने के बाद कार का दरवाजा लॉक हो गया, जिसके चलते राजनारायण कार के अंदर ही फंस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल और क्षतिग्रस्त कार से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह मान रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
सफदरगंज क्षेत्र में हुई इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया।


