29.2 C
Lucknow
Saturday, October 10, 2026

छात्र की पिटाई का आरोप

Must read

 

कमालगंज। क्षेत्र के रानूखेड़ा स्थित दयाल एजुकेशन सेंटर में एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा में शिक्षिका को मोबाइल फोन चलाने से रोकने पर प्रधानाचार्य ने छात्र की डंडों से पिटाई कर दी। घटना के बाद छात्र के परिजनों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया कि पट्टिया छेदा सिंह निवासी जितेंद्र कुमार का पुत्र सनी दयाल एजुकेशन सेंटर में पढ़ता है। छात्र के अनुसार, कक्षा में एक शिक्षिका पढ़ाने के दौरान लगातार मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रही थीं। सनी ने शिक्षिका को कक्षा में मोबाइल चलाने से रोकने की बात कही। इसी को लेकर विवाद हो गया और आरोप है कि मामले की जानकारी होने पर प्रधानाचार्य ने छात्र के साथ मारपीट कर दी।

परिजनों का आरोप है कि छात्र को डंडों से पीटा गया, जिससे उसके गाल पर चोट के निशान आए हैं। उसके सिर में भी चोट लगने की बात कही गई है। घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ उचित जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

मामले की जानकारी राजपूताना चौकी प्रभारी सुनील कुमार गोयल को दी गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि संबंधित विद्यालय कमालगंज थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कमालगंज थाने के स्तर से की जाएगी।

कमालगंज थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने बताया कि प्रकरण की जानकारी ली जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की जांच के बाद ही घटना में मारपीट की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article