30 C
Lucknow
Saturday, August 22, 2026

साइकिल सवार की मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप पुलिस मौके पर

Must read

क्रासर
नई केबल डालने की बात पर अड़े ग्रामीण, नहीं पहुंचा बिजली विभाग का कोई अधिकारी
फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गंगा दरवाजा में शनिवार को टूटकर गिरी हाईटेंशन (एचटी) लाइन की चपेट में आने से साइकिल सवार की दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लाइन टूटने की सूचना समय रहते विभाग को दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर लाइन को दुरुस्त किया जाता तो हादसा टाला जा सकता था।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि एचटी लाइन पहले से ही जर्जर हालत में थी और टूटने के बाद वह काफी देर तक सड़क के पास लटकी रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग को इसकी सूचना देने के बावजूद समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद शनिवार को साइकिल से गुजर रहा व्यक्ति हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने हादसे के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही घटना के कारणों की पड़ताल की। उधर, ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ काफी नाराजगी दिखाई दी।
ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के बाद बिजली विभाग की ओर से दो लाइनमैन मौके पर पहुंचे, लेकिन वे भी तत्काल समस्या का समाधान नहीं कर सके। समाचार लिखे जाने तक टूटी हुई एचटी लाइन लटकी हुई थी, जिससे आसपास के लोगों में दोबारा हादसा होने का डर बना हुआ था। ग्रामीणों ने कहा कि खुले में लटक रही हाईटेंशन लाइन के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली की लाइनें काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं। कई स्थानों पर तार नीचे तक लटक रहे हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से पूरे क्षेत्र की एचटी लाइनों की जांच कराने और जर्जर तारों को तत्काल बदलने की मांग की है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक पुरानी जर्जर लाइन को हटाकर नई लाइन नहीं डाली जाती, तब तक वे पुरानी लाइन को दोबारा सही नहीं होने देंगे। उनका कहना है कि एक व्यक्ति की जान जा चुकी है और अब वे किसी दूसरे हादसे का इंतजार नहीं करना चाहते।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की कि घटना की जिम्मेदारी तय की जाए और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में नई एचटी लाइन डालकर विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article