कायमगंज, फर्रुखाबाद। तंबाकू कारोबार में कर संबंधी अनियमितताओं की जांच को लेकर जीएसटी विभाग ने एक बार फिर कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को कायमगंज के लालबाग क्षेत्र स्थित एक तंबाकू व्यापारी के गोदाम पर जीएसटी की टीम ने छापेमार कार्रवाई की। अचानक पहुंची टीम को देखकर आसपास के व्यापारियों में भी खलबली मच गई। कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र के अन्य तंबाकू कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई सुरेंद्र मोहन सिंह, एडिशनल कमिश्नर (SIB) इटावा तथा संतोष कुमार वर्मा, संयुक्त आयुक्त (SIB) इटावा के नेतृत्व में की गई। बताया गया कि विभाग की ओर से कई टीमें गठित कर अलग-अलग फर्मों पर जांच एवं छापेमार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कायमगंज के लालबाग स्थित तंबाकू व्यापारी के गोदाम पर टीम पहुंची।
जीएसटी अधिकारियों ने गोदाम में मौजूद तंबाकू के स्टॉक की जांच करने के साथ ही बिक्री से संबंधित अभिलेख, बिल-बाउचर और अन्य दस्तावेजों को खंगाला। टीम द्वारा गोदाम में उपलब्ध माल और अभिलेखों का मिलान किए जाने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गोदाम के बाहर पुलिस बल भी मौजूद रहा।
जीएसटी टीम की कार्रवाई की खबर जैसे ही आसपास के तंबाकू कारोबारियों तक पहुंची, व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों और गोदामों को लेकर सतर्क नजर आए। विभाग की कार्रवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बताया जा रहा है कि जीएसटी विभाग की ओर से तंबाकू कारोबार में कर संबंधी अनियमितताओं, स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। हालांकि जांच पूरी होने से पहले किसी तरह की अनियमितता या कर चोरी की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों की जांच और दस्तावेजों के मिलान के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में संतोष कुमार वर्मा (SIB) से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि अभी कार्रवाई चल रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी।
फिलहाल जीएसटी टीम की छापेमार कार्रवाई से कायमगंज क्षेत्र के तंबाकू कारोबारियों में खलबली मची हुई है। विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आए और आगे किस प्रकार की कार्रवाई की जाती है।
कायमगंज में तंबाकू व्यापारी के गोदाम पर जीएसटी की छापेमारी, कारोबारियों में मचा हड़कंप


