मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम नींव करोरी निवासी सर्राफा व्यापारी गौरव कुमार गुप्ता ने एक नामजद समेत तीन अज्ञात लोगों पर तमंचे के बल पर नगदी और जेवरात लूटने का आरोप लगाया है। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरव कुमार गुप्ता के अनुसार वह बाइक से फर्रुखाबाद जा रहे थे। संकिसा रोड पर ईंट-भट्ठे और कोल्ड स्टोरेज के बीच दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि तमंचा दिखाकर बदमाशों ने उनके पास से सोने की लर, टॉप्स, पुरानी चांदी के जेवरात तथा करीब 50 हजार रुपये की नगदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमोद कुमार सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता और नामजद व्यक्ति के बीच दो दिन पूर्व झगड़ा हुआ था, जिसमें मारपीट की घटना भी सामने आई थी। प्रथम दृष्टया लूट की सूचना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


