फर्रुखाबाद
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को संकेत राजकीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, बच्चों की सुविधाओं और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से आत्मीयता से संवाद किया और उनके साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। डीएम के इस सहज और संवेदनशील अंदाज से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर की जानकारी ली और उनसे पाठ्यक्रम व विषयों से जुड़े सवाल पूछे। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने शिक्षण को गतिविधि आधारित और रुचिकर बनाने पर जोर दिया, ताकि बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़े।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी देखी। उन्होंने कक्षाओं में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने, कंप्यूटर कक्ष में उपलब्ध कंप्यूटरों के सॉफ्टवेयर अपडेट कराने तथा बच्चों को तकनीकी शिक्षा का बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और विद्यालय की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उनके साथ क्रिकेट खेलना और बच्चों से घुल-मिलकर बातचीत करना उनके संवेदनशील एवं बालहितैषी रवैये को दर्शाता है। बही बुधबार को मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ और जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी ने भी विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, नीरज सक्सेना, अभिनव पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बच्चे मौजूद रहे।


