जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में लाठीचार्ज पर सरकार पर तंज
नई दिल्ली। दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के इस दावे पर कि प्रदर्शन के दौरान किसी छात्र की हड्डी नहीं टूटी और किसी को गंभीर चोट नहीं आई, राहुल गांधी ने सरकार के दावे पर सवाल खड़े किए।
राहुल गांधी ने कहा कि संसद से कुछ दूरी पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन और कील लगी लाठियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि एक छात्र की आंख चली गई और एक छात्रा के कान में चोट लगी। राहुल ने कहा कि वह स्वयं घायल छात्रों से मिले हैं और प्रदर्शन से जुड़े कई वीडियो भी सामने आए हैं।
राहुल गांधी ने सरकार पर ‘झूठ और हिंसा’ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले बच्चों को लाठियों से पीटा गया और अब यह दावा किया जा रहा है कि कुछ हुआ ही नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार की ऐसी कोशिशें काम नहीं करेंगी, क्योंकि छात्रों के पास अपनी आंखों से देखी घटनाओं की याददाश्त है।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे संसद सत्र के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विपक्ष से बचते रहे और प्रधानमंत्री ने अब तक छात्रों से माफी नहीं मांगी। उन्होंने सरकार से बच्चों के साथ सच बोलने की अपील की।
वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के आरोपों से अलग तस्वीर पेश करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी की मौत नहीं हुई, किसी की हड्डी नहीं टूटी और किसी प्रदर्शनकारी को गंभीर चोट के कारण अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि हजारों लोगों के प्रदर्शन के बावजूद दिल्ली पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा।


