लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अभियान के तहत प्रदेश के करीब 5 करोड़ घरों में तिरंगा फहराया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाकर देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया।
अभियान में महिलाओं की भी व्यापक भागीदारी रही। करीब 50 हजार महिलाओं ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। प्रदेशभर में 3,708 तिरंगा यात्राएं निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। तिरंगा यात्राओं के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल देशभक्तिमय बना रहा।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने में स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। करीब 7 हजार स्वयं सहायता समूहों ने अभियान के लिए तिरंगे तैयार किए। इससे अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को भी बड़े स्तर पर काम मिला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान की सफलता पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है।
मुख्यमंत्री ने अभियान में भाग लेने वाले नागरिकों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न संगठनों का भी आभार जताया। प्रदेश में तिरंगा यात्राओं और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।


