– केएम हाउस होटल में हुआ कार्यक्रम
– विभिन्न जाति-धर्म के लोगों ने जाना महारानी का गौरवशाली इतिहास
फर्रुखाबाद। वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती के अवसर पर शहर स्थित केएम हाउस होटल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन निवर्तमान सभासद श्याम सुंदर लल्ला द्वारा किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से सर्व समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें विभिन्न जाति एवं धर्म के लोग एक साथ शामिल हुए। उपस्थित लोगों को वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी के गौरवशाली इतिहास और देश की स्वतंत्रता के लिए उनके संघर्ष की जानकारी दी गई।
श्याम सुंदर लल्ला ने कहा कि महारानी अवंतीबाई लोधी ने देश के लिए बलिदान दिया था, किसी जाति विशेष के लिए नहीं। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ वीरतापूर्वक संघर्ष किया और देश की आजादी के लिए लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। इसलिए उनके इतिहास को केवल किसी एक समाज तक सीमित न रखकर सर्व समाज तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। श्याम सुंदर लल्ला ने सर्व समाज के सामने प्रतिमा स्थापित कराने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना के लिए सर्व समाज मिलकर प्रयास करेगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महारानी अवंतीबाई लोधी का इतिहास आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचना चाहिए और उनकी वीरता से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। सभी लोगों को जाति और धर्म से ऊपर उठकर देशहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में मानवाधिकार के प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडे, फर्रुखाबाद विकास मंच के अध्यक्ष भैयन मिश्रा, प्रदेश सचिव संजय कटियार, सभासद विश्वनाथ राजपूत, शिवम वर्मा (प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य), सभासद अतुल शंकर दुबे, अंगद पांडे, राजीव पाल, पूर्व सभासद कृष्णाकांत कटियार, अपना दल के राष्ट्रीय सचिव सुरजीत कटियार, सुरक्षा संगठन के अध्यक्ष गौरव यादव, सभासद बाबू अभिनेत्री, महादेव राजपूत, जौहरी लाल राजपूत सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


