फर्रुखाबाद। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि राज्य मंत्री ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग कैलाश सिंह राजपूत ने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की कार्यशैली और प्रशासनिक सक्रियता की सार्वजनिक रूप से सराहना की। मंत्री ने कहा कि जनपद में जिलाधिकारी की भूमिका अत्यंत सक्रिय है और वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर रही हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के समाधान में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन की सक्रियता से विकास कार्यों को गति मिलती है और जनता का शासन-प्रशासन पर विश्वास मजबूत होता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश के निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने की बात कही। अपराधमुक्त प्रदेश के निर्माण के लिए अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई किए जाने का भी उल्लेख किया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए मंत्री ने कहा कि उनकी स्मृति में देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
समारोह में मंत्री द्वारा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की सार्वजनिक रूप से की गई सराहना प्रमुख आकर्षण रही। उनकी ईमानदार कार्यशैली, सक्रिय प्रशासन और जनहित को प्राथमिकता देने की प्रशंसा को जिला प्रशासन के लिए उत्साहवर्धन के रूप में देखा गया।


