नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अमित शाह के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि जिन बातों में चाणक्य और सरदार पटेल का हवाला दिया जाता था, वे अब कहां चले गए।
राहुल गांधी ने कहा कि “क्या कहते थे चाणक्य, सरदार पटेल, वो कहां भाग गए?” उन्होंने दावा किया कि अमित शाह करीब 20 दिनों तक संसद भवन में नहीं जा पाए। राहुल गांधी के मुताबिक, इसके पीछे वजह यह थी कि सत्ता पक्ष पहली बार देश की उस अभिव्यक्ति का सामना कर रहा था, जिसे अब भारत खुलकर सामने रख रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में अब लोग अपनी बात और अपने अधिकारों को ज्यादा मजबूती से व्यक्त कर रहे हैं। राहुल गांधी ने इसे लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति के बढ़ते प्रभाव से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के आसार हैं। कांग्रेस लगातार सरकार की नीतियों और संसद में उसके रवैये को लेकर सवाल उठाती रही है, जबकि भाजपा विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी बताती रही है।


