लखनऊ। अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए ) ने असुरक्षित और नियमों के विपरीत संचालित भवनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शहर के अलग-अलग इलाकों में चिन्हित 65 असुरक्षित इमारतों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
एलडीए की टीमों ने कई क्षेत्रों में भवनों का निरीक्षण कर ऐसे निर्माण चिन्हित किए हैं, जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक माना गया है। संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस भेजे जा चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने चिन्हित सभी इमारतों के खिलाफ कार्रवाई को करीब डेढ़ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि असुरक्षित भवनों में लोगों की जान जोखिम में न पड़े।
अलीगंज अग्निकांड के बाद शहर में अग्नि सुरक्षा और भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद एलडीए ने संवेदनशील और नियमों के उल्लंघन वाले भवनों की पहचान का अभियान तेज किया है।
प्राधिकरण की कार्रवाई से अवैध निर्माण और असुरक्षित भवन संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले चिन्हित भवनों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।


