स्कूटी से जा रहे थे उज्ज्वल, सिर में आई गंभीर चोटें; पीसीआर ने अस्पताल पहुंचाया
नॉएडा,फर्रुखाबाद । फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत के प्रतिनिधि अनूप कुमार मिश्रा के पुत्र उज्ज्वल मिश्रा बुधवार देर रात ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पीसीआर ने घायल उज्ज्वल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय रहते उन्हें उपचार मिल सका।
जानकारी के अनुसार उज्ज्वल मिश्रा स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में उनका सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद वह सड़क पर घायल अवस्था में मिले, जिसके बाद पीसीआर कर्मियों ने तत्काल उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
उज्ज्वल को यथार्थ अस्पताल, सेक्टर-1, बिसरख, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चोट गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। हालांकि चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की खबर फर्रुखाबाद पहुंचते ही सांसद प्रतिनिधि अनूप मिश्रा के परिचितों और समर्थकों में चिंता फैल गई। लोग लगातार उज्ज्वल के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक चिकित्सकों की टीम उज्ज्वल के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है। हादसे के कारणों और दुर्घटना में किसी अन्य वाहन की भूमिका को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।


