32.4 C
Lucknow
Thursday, August 13, 2026

बाढ़ प्रभावित डौली की मड़ैया पहुंचे प्रभारी मंत्री, ग्रामीणों को बांटी राहत सामग्री

Must read

 

फर्रुखाबाद। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को बढ़पुर विकासखंड के बाढ़ प्रभावित मजरा डौली की मड़ैया का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर बाढ़ की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा जिला प्रशासन की ओर से की जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत सामग्री किट, पका हुआ भोजन, गृह अनुदान राशि और आवासीय पट्टा भूमि आवंटन के स्वीकृति पत्र वितरित किए। बच्चों को बिस्किट और चॉकलेट भी बांटी गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता में किसी तरह की कमी न हो।

जयवीर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों की सेवा में हर समय तत्पर है। राहत एवं बचाव कार्यों के साथ शरणालयों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में आपदा कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1077 अथवा 05692-235077, 09454416457 पर संपर्क करें।

उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ शरणालय स्थलों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नीरज कुमार सहित जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article