मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के गांव कासिमापुर निवासी उपेंद्र सिंह ने अरुण सिंह, प्रांसुल उर्फ शिवम और अर्जुन सिंह उर्फ विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर में उपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि 12 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने चबूतरे पर खड़े थे। इसी दौरान आरोपित उन्हें अकेला देखकर चबूतरे पर चढ़ आए और गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि वह बचने के लिए घर के अंदर भागे तो तीनों पीछा करते हुए घर में घुस आए। आरोपितों ने लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और देशी राइफल से हमला कर दिया। मारपीट में सिर पर चोट लगने से वह बेहोश हो गए। शोर सुनकर पत्नी के पहुंचने पर आरोपित मौके से भाग गए।
उपेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में चकबंदी कराए जाने संबंधी विभागीय आख्या पर उन्होंने सहमति जताई थी, जिसका अरुण सिंह विरोध करते थे और पूर्व में कई बार धमकी भी दे चुके थे। थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


