35 C
Lucknow
Wednesday, August 12, 2026

300 केवीए का कॉपर ट्रांसफार्मर चोरी, डेढ़ महीने बाद भी FIR नहीं

Must read

 

फर्रुखाबाद । आर्मी के विजय चौक स्थित प्री-प्राइमरी स्कूल के पास लगा करीब 300 केवीए क्षमता का कॉपर ट्रांसफार्मर डेढ़ महीने पहले रात के समय गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रात करीब एक बजे क्रेन की मदद से ट्रांसफार्मर को उठाकर लोडर में रखा गया और मौके से ले जाया गया। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज में पूरी गतिविधि रिकॉर्ड होने की बात भी सामने आ रही है।
सबसे गंभीर सवाल यह है कि ट्रांसफार्मर गायब होने के बावजूद विद्युत विभाग की ओर से अब तक पुलिस में FIR दर्ज कराने के लिए तहरीर तक नहीं दिए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। इससे विभागीय स्तर पर पूरे मामले को दबाए जाने की आशंका को बल मिल रहा है।
मामले में संबंधित जेई से बातचीत किए जाने पर उन्होंने ट्रांसफार्मर के गायब होने की बात स्वीकार की, लेकिन घटना से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए उच्चाधिकारियों से संपर्क करने की बात कही। सवाल यह भी है कि विभाग को ट्रांसफार्मर के गायब होने की जानकारी कब मिली, किस अधिकारी ने इसकी सूचना दर्ज की और अब तक पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कराई गई, इसका स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है।
सूत्रों के अनुसार ट्रांसफार्मर गायब होने की घटना में विद्युत विभाग से जुड़े दो लाइनमैन के नाम भी चर्चा में आ रहे हैं। हालांकि उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में सीसीटीवी फुटेज, विभागीय रिकॉर्ड, ट्रांसफार्मर की लोकेशन तथा उस समय ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की जानकारी की जांच से ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकती है।
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि विभाग के कुछ कर्मचारियों की कथित मिलीभगत के चलते मामला पुलिस तक नहीं पहुंचने दिया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यदि सीसीटीवी फुटेज में ट्रांसफार्मर को क्रेन से उठाकर ले जाने की घटना रिकॉर्ड है, तो पुलिस और विद्युत विभाग द्वारा फुटेज को कब्जे में लेकर वाहन, क्रेन, चालक और घटना के समय मौजूद कर्मचारियों की पहचान कराना अहम होगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article