रांची। झारखंड में छात्र आंदोलन पर सोमवार को हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को राज्यव्यापी बंद बुलाया। रांची समेत कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और प्रदर्शन किया। कई जगह टायर जलाकर रास्ते रोके गए और बाजार बंद कराने की कोशिश हुई। हालांकि स्कूल, दफ्तर और कई संस्थान खुले रहे, जिससे बंद का असर मिला-जुला रहा।
रांची में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता पुरानी विधानसभा के पास विधानसभा घेराव के लिए जुटे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की तो कार्यकर्ता पुलिस वाहन के आगे बैठ गए और कुछ सड़क पर लेट गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई। कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
सोमवार को जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव हुआ था। छात्रों का दावा है कि 100 से अधिक छात्र घायल हुए, जबकि पुलिस की ओर से करीब 14 जवानों के घायल होने की बात सामने आई है। मंगलवार शाम छात्रों ने लाठीचार्ज के विरोध में रांची में मौन जुलूस निकाला। कई छात्रों ने मुंह पर पट्टी बांधी और कुछ ने पुलिसकर्मियों को गुलाब देकर विरोध दर्ज कराया।
भाजपा नेताओं ने छात्र आंदोलन पर कार्रवाई को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा और मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर युवाओं को राजनीतिक रूप से भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के हित में फैसले ले रही है और उनकी मांगों पर बातचीत जारी है।
छात्रों की नौ मांगों में से सरकार छह मांगें मान चुकी है, लेकिन आंदोलनकारी अब मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत की मांग कर रहे हैं। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो समेत छह छात्र भूख हड़ताल पर हैं। इसी बीच सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते को गिरफ्तार किया है। भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच यह कार्रवाई आंदोलन को और तूल दे रही है।


