34.7 C
Lucknow
Tuesday, August 11, 2026

ग्रेटर नोएडा में इंडियन बायो एनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 का आगाज

Must read

 

150 कंपनियां ले रहीं हिस्सा, बायो एनर्जी और स्वच्छ ऊर्जा पर मंथन; आज एक्सपो में शामिल होंगे सीएम योगी

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपोमार्ट एंड मार्ट में मंगलवार से तीन दिवसीय इंडियन बायो एनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 का शुभारंभ हो गया। एक्सपो में देश-विदेश की बायो एनर्जी क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों, विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की भागीदारी है। आयोजन के दौरान बायो एनर्जी, वैकल्पिक ईंधन और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नई तकनीकों, निवेश और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की जा रही है।
एक्सपो में बायो एनर्जी क्षेत्र से जुड़ी करीब 150 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। प्रदर्शनी में कंपनियों की ओर से बायोमास, बायोगैस, बायोफ्यूल तथा अन्य वैकल्पिक ऊर्जा तकनीकों से संबंधित उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच नई तकनीकों के इस्तेमाल, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और निवेश के अवसरों को लेकर भी विचार-विमर्श हो रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा समेत कई प्रमुख अधिकारी, विशेषज्ञ और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में अवनीश अवस्थी और संजू गंजू की भी मौजूदगी रही। वक्ताओं ने उत्तर प्रदेश में बायो एनर्जी क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की संभावनाओं पर विचार रखे।
तीन दिवसीय एक्सपो का प्रमुख आकर्षण बुधवार को रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्सपो में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश में बायो एनर्जी के क्षेत्र में निवेश, नई परियोजनाओं और तकनीकी विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।
सरकार बायो एनर्जी को कृषि अवशेषों के बेहतर उपयोग, किसानों की आय बढ़ाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में देख रही है। इसके जरिए कृषि अवशेषों के उपयोग के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
एक्सपो में कृषि अवशेष और जैविक कचरे को ऊर्जा में बदलने वाली तकनीकों पर विशेष चर्चा हो रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक बायो एनर्जी का विस्तार होने से पराली और अन्य कृषि अवशेषों के उपयोग का प्रभावी रास्ता खुल सकता है। इससे एक ओर किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकते हैं, वहीं दूसरी ओर कृषि अवशेष जलाने से होने वाले प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
इंडिया एक्सपोमार्ट में आयोजित यह तीन दिवसीय एक्सपो बायो एनर्जी सेक्टर में निवेश, तकनीकी नवाचार, उद्योगों के बीच सहयोग और स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है। देश में ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देने के साथ कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में भी बायो एनर्जी की भूमिका पर यहां मंथन किया जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article