30.3 C
Lucknow
Monday, August 10, 2026

सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Must read

कंपिल के रामेश्वर नाथ मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा वातावरण

कंपिल। सावन के दूसरे सोमवार पर कंपिल स्थित ऐतिहासिक रामेश्वर नाथ मंदिर में शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे हजारों नर-नारियों ने श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक कर पूजन-अर्चन किया।

सावन के सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भक्त बाबा रामेश्वर नाथ को जल चढ़ाने के लिए कतार में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिर परिसर ‘बम-बम भोले’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारों से गूंजता रहा।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को प्रिय भांग-धतूरा सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं के लिए प्रार्थना की। आस्था और भक्ति के बीच मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।

रामेश्वर नाथ मंदिर में स्थापित गंगा मैया और टापर वाले स्वामी जी के निर्वाण स्थल पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इसके अलावा कपिलमुनि मंदिर, कालेश्वरनाथ मंदिर समेत कस्बे के अन्य शिवालयों में भी अलसुबह से ही पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया।

सावन के दूसरे सोमवार पर कंपिल के शिवालयों में उमड़ी भीड़ ने कस्बे की धार्मिक आस्था और शिवभक्ति का अद्भुत नजारा पेश किया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article