ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, एक अन्य कांवड़िया घायल; मैनपुरी के शिव मंदिर जा रहे थे दोनों
फर्रुखाबाद। सावन के द्वितीय सोमवार से पहले रविवार देर रात कांवड़ यात्रा के दौरान हुए भीषण सड़क हादसे में देवर-भाभी की मौत हो गई। पांचाल घाट स्थित गंगा तट से कांवड़ में पवित्र जल भरकर मैनपुरी के मरकंद शिव मंदिर जा रहे दोनों की बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार ऋषभ और उनकी भाभी गिरिजा देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक अन्य कांवड़िया भी घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के थाना दन्नाहार क्षेत्र के खाखेताल, थाना बेवर निवासी ऋषभ पुत्र माया प्रकाश शाक्य अपनी भाभी गिरिजा देवी पत्नी राम लड़ते, निवासी जंगपुरा, मैनपुरी के साथ बाइक से कादरीगेट थाना क्षेत्र के पांचाल घाट पहुंचे थे। दोनों ने गंगा से कांवड़ में जल भरा और बाइक से मैनपुरी स्थित मरकंद शिव मंदिर के लिए रवाना हुए थे।
बताया गया कि दोनों कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। रास्ते में देवर और मदनपुर के बीच उनकी बाइक अचानक ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऋषभ और गिरिजा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद कांवड़ियों की भीड़ एकत्र हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस ट्रक से बाइक की टक्कर हुई, वह डीजे बजाते हुए शिव मंदिर की ओर जा रहा था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय भेजा, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाद में शवों को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया।
हादसे में जंगपुरा निवासी राजू पुत्र ज्ञान प्रकाश भी घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में कांवड़िए अस्पताल पहुंच गए।
देर रात हुए हादसे को देखते हुए लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भी विशेष सतर्कता रही। इमरजेंसी प्रभारी डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी देर रात तक अस्पताल में मौजूद रहे और घायलों की चिकित्सा व्यवस्था पर नजर रखी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा ने भी अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


