कमालगंज। न्यायालय के आदेश पर पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला जनपद एटा के थाना नयागांव क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव कतरौली पट्टी निवासी रावेंद्र सिंह के पुत्र संकेत ने करीब चार माह पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे संकेत का विवाह 3 दिसंबर 2024 को गांव राजेपुर टप्पा मंडल निवासी सोनम के साथ हुआ था।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सोनम का पहले से गांव टिकुरियन सराय अगहत, थाना नयागांव निवासी राहुल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि 22 अप्रैल को सोनम के साथ आरोपित पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। बताया गया कि सोनम अपने साथ जेवरात और 20 हजार रुपये नकद भी ले गई। 27 अप्रैल को संकेत ने फोन कर सोनम को वापस आने के लिए कहा, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया।
न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने सोनम, उसकी मां सुनीता, अंजली, राजबहादुर, सोनम के मामा और राहुल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


