33.5 C
Lucknow
Monday, August 10, 2026

गंगा से कांवड़ में जल भरकर लौट रहे देवर-भाभी की दर्दनाक मौत, ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर

Must read

क्रासर
मैनपुरी के शिव मंदिर जा रहे थे दोनों, हादसे के बाद मौके पर मचा कोहराम; एक अन्य कांवड़िया घायल
फर्रुखाबाद। सावन के द्वितीय सोमवार से पहले कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने श्रद्धालुओं को झकझोर कर रख दिया। पांचाल घाट स्थित गंगा तट से कांवड़ में पवित्र जल भरकर मैनपुरी के शिव मंदिर जा रहे देवर-भाभी की बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।
जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र निवासी ऋषभ पुत्र माया प्रकाश शाक्य, निवासी खाखेताल थाना बेवर, अपनी भाभी गिरिजा देवी पत्नी राम लड़ते निवासी जंगपुरा जनपद मैनपुरी के साथ बाइक पर सवार होकर कादरीगेट थाना क्षेत्र के पांचाल घाट स्थित गंगा तट पहुंचे थे। दोनों ने गंगा से कांवड़ में जल भरा और बाइक से मैनपुरी जनपद स्थित मरकंद के शिव मंदिर के लिए रवाना हुए थे।
बताया गया कि दोनों कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। रास्ते में देवर व मदनपुर के बीच उनकी बाइक अचानक एक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार ऋषभ और उनकी भाभी गिरिजा देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही एकत्रित हुए कांवड़िए
दुर्घटना की सूचना जैसे ही अन्य कांवड़ियों को मिली, बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। कांवड़ियों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक देखने को मिला। सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालते हुए दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लिया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया।
डीजे बजाते हुए शिव मंदिर जा रहा था ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस ट्रक की चपेट में बाइक आई, वह भी डीजे बजाते हुए शिव मंदिर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे के वास्तविक कारणों और ट्रक चालक की भूमिका को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
एक अन्य कांवड़िया भी हुआ घायल
इस हादसे में जंगपुरा निवासी राजू पुत्र ज्ञान प्रकाश भी घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। हादसे के बाद अस्पताल में भी कांवड़ियों और परिजनों की भीड़ जुट गई।
आधी रात इमरजेंसी में डटे रहे चिकित्सक
देर रात हुए हादसे के बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय की इमरजेंसी में भी विशेष सतर्कता देखने को मिली। इमरजेंसी प्रभारी डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने आधी रात तक अस्पताल में मोर्चा संभाले रखा और घायलों व हादसे से जुड़े मरीजों की चिकित्सा व्यवस्था पर नजर रखी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा भी मौके पर डटे रहे और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
कांवड़ यात्रा के बीच हादसे से श्रद्धालुओं में शोक
सावन के द्वितीय सोमवार को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पांचाल घाट से गंगाजल भरकर अपने-अपने शिव मंदिरों की ओर रवाना हो रहे हैं। ऐसे समय में देवर-भाभी की सड़क हादसे में मौत की खबर से कांवड़ियों में शोक की लहर दौड़ गई। एक ओर श्रद्धालु भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए गंगाजल लेकर आगे बढ़ रहे थे, वहीं दूसरी ओर इस दर्दनाक हादसे ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को शवगृह में रखवाकर परिजनों को घटना की सूचना दी। पोस्टमार्टम की कार्रवाई और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पुलिस द्वारा पूरी कराई जा रही हैं। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article