29.9 C
Lucknow
Sunday, August 9, 2026

5 रुपये के लिए मां ने मासूम को पीटा, गर्म चाकू से दागे तलवे; 3 दिन तक कमरे में बंद रखा

Must read

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर (Fatehpur) जिले से मासूम के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। राधानगर थाना क्षेत्र के फुलवामऊ गांव में एक महिला पर अपने ही मासूम बेटे (innocent child) के साथ बेरहमी से मारपीट करने और उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। आरोप है कि महज पांच रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद मां ने बच्चे की पिटाई की और गर्म चाकू से उसके दोनों पैरों के तलवे दाग दिए। इतना ही नहीं, बच्चे को कथित तौर पर तीन दिन तक कमरे में बंद रखा गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बच्चे को बरामद कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। वहीं, पिता की शिकायत पर आरोपी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, बच्चे को उसकी मां ने 20 रुपये देकर गुटखा लाने के लिए भेजा था। बच्चा बाजार से 15 रुपये का गुटखा लेकर वापस आया और उसके पास पांच रुपये बचा लिए। आरोप है कि इसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मामूली बात से नाराज महिला ने पहले बच्चे की जमकर पिटाई की। इसके बाद आरोप है कि उसने गर्म चाकू से बच्चे के दोनों तलवों को दाग दिया। घटना के बाद बच्चा दर्द से कराहता रहा, लेकिन उसे मदद नहीं मिली।

ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चे को कई दिनों तक कमरे में बंद रखा गया था, जब आसपास के लोगों ने बच्चे की चीख-पुकार सुनी तो उन्हें शक हुआ। पड़ोसियों ने हस्तक्षेप कर बच्चे को कमरे से बाहर निकाला और पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बच्चे और परिवार के अन्य सदस्यों से जानकारी जुटाई है।

बच्चे के पिता ने पत्नी के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

घटना सामने आने के बाद फुलवामऊ गांव में लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के साथ इस तरह की हिंसा किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जा सकती। लोगों ने प्रशासन से आरोपी महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article