फर्रुखाबाद। नेकपुर के पास फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ रेलमार्ग पर जलभराव होने से ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ी। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे रेल लाइन पर पानी भरने के बाद रेलवे ने 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार का कॉशन लगा दिया। करीब 15 घंटे 30 मिनट बाद शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे कॉशन हटाया जा सका।
दोपहर बाद करीब डेढ़ घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से नेकपुर कलां का तालाब उफना गया। इसके बाद रेल लाइन पर करीब एक फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण ट्रेनों के आवागमन के दौरान हादसे की आशंका को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने एहतियातन ट्रेनों की गति कम कर दी।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ) जहीर अहमद खान ने नेकपुर के पास ट्रेनों के लिए 20 किलोमीटर प्रति घंटे का कॉशन लगवाया। इसके बाद रातभर सवारी और मालगाड़ियों को धीमी गति से गुजारा गया। रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी पूरी रात मौके पर निगरानी करते रहे। रेलवे कर्मचारियों के अनुसार पटरी पर पानी भरने से फिसलन की स्थिति बन जाती है। ऐसे में ट्रेनों को तेज गति से गुजारना जोखिम भरा हो सकता है। इसी वजह से एहतियात के तौर पर ट्रेनों की रफ्तार कम रखी गई।
रातभर जल निकासी का काम चलने के बाद शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे रेल लाइन से पानी कम हुआ। स्थिति सामान्य होने पर रेलवे ने 20 किमी प्रतिघंटे का कॉशन हटा दिया और ट्रेनों का संचालन सामान्य गति से शुरू कर दिया।
रेल पटरी पर जलभराव से ट्रेनों की रफ्तार थमी, 15 घंटे बाद हटा कॉशन


