फूल बरसाए और 7 किमी निकाला रोड शो
बुलंदशहर। बिहार के सांसद पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने के आरोप में जेल गए बुलंदशहर के सुमित गिरी और हैप्पी शर्मा जमानत पर रिहा होने के बाद शुक्रवार को अपने गांव पहुंचे। यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों के बीच दोनों को खुली जीप में बैठाकर करीब सात किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला गया। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ के नारे भी लगाए गए।
सुमित गिरी भाजपा के नगर मंत्री बताए गए हैं, जबकि हैप्पी शर्मा मंडल महामंत्री हैं। जिला मुख्यालय से नैथला गांव तक निकले रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बारिश के बीच समर्थकों ने नारे लगाए और दोनों पर फूल बरसाए। भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान समेत पार्टी के कई नेताओं ने दोनों का माला पहनाकर स्वागत किया।
दरअसल, दो अगस्त को पप्पू यादव अपने आवास पर पत्रकार वार्ता कर रहे थे, तभी उन पर चप्पल फेंककर हमला किया गया था। पप्पू यादव ने हमलावर को पकड़ लिया था, जिसके बाद उनके समर्थकों ने उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में सुमित गिरी और हैप्पी शर्मा को गिरफ्तार किया था।
मामले की पृष्ठभूमि संसद में पप्पू यादव द्वारा राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर किए गए प्रतीकात्मक प्रदर्शन से जुड़ी है। 31 जुलाई को उन्होंने साधु का वेश धारण कर संसद परिसर में दानपेटी के साथ प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन को लेकर विरोध हुआ और बाद में उनके खिलाफ शिकायतें भी दर्ज हुईं।
दोनों आरोपियों के स्वागत पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा में अपराधियों की बलिहारी है और दोषियों के स्वागत की परंपरा जारी है। हालांकि, आरोपियों ने पप्पू यादव पर हमला करने के पीछे सनातन धर्म के अपमान को लेकर सवाल उठाने की बात कही है।


