मंच के सामने ड्रोन उड़ने से मचा हड़कंप
मेरठ। कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ पहुंचकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड से कार द्वारा दुल्हैड़ा चुंगी स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। करीब 30 मिनट तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे और शिवभक्त कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। हालांकि मुख्यमंत्री का संबोधन प्रस्तावित था, लेकिन उन्होंने मंच से कोई संबोधन नहीं किया।
पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री कार से वापस शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पहुंचे। यहां से वह राजकीय हेलीकॉप्टर से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कांवड़ मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित रखा गया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में उस समय हड़कंप मच गया, जब मंच के सामने आसमान में एक ड्रोन काफी देर तक उड़ता दिखाई दिया। कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं थी। ड्रोन नजर आते ही सुरक्षा कर्मियों ने संचालक की तलाश शुरू कर दी और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
माइक से लगातार घोषणा कराई गई कि जिस व्यक्ति ने ड्रोन उड़ाया है, वह तत्काल उसे नीचे उतार ले। कुछ देर बाद ड्रोन को नीचे उतार लिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान आसपास के इलाके में निगरानी बनाए रखी।
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मार्गों पर पुलिस बल, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को चौकस रखा गया। प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी की जा रही है।


