लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल में शुक्रवार को उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद पार्टी के भीतर संगठनात्मक बदलाव और नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।
बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व द्वारा अनुपम मिश्रा को कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले से रामाशीष राय नाराज थे। इसी घटनाक्रम के बीच उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने का निर्णय लिया। उनके इस्तीफे से राष्ट्रीय लोकदल के संगठन में मतभेद की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
रामाशीष राय के अगले राजनीतिक कदम को लेकर भी अटकलें शुरू हो गई हैं। पिछले कुछ समय से उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा थी, हालांकि मौजूदा घटनाक्रम के बाद इस संभावना को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस्तीफे के बाद राष्ट्रीय लोकदल नेतृत्व के सामने संगठन को संभालने और कार्यकर्ताओं में बनी असमंजस की स्थिति दूर करने की चुनौती खड़ी हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रदेश संगठन में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।


