चेंगलपट्टू। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की पत्नी संगीता ने चेंगलपट्टू परिवार न्यायालय में दाखिल तलाक की अर्जी शुक्रवार को वापस ले ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश हुईं संगीता से न्यायाधीश सुजाता ने करीब 15 मिनट तक बातचीत की। इसके बाद अदालत ने उनकी अर्जी स्वीकार करते हुए तलाक की कार्यवाही समाप्त कर दी।
संगीता ने फरवरी 2026 में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। याचिका में उन्होंने वैवाहिक संबंधों में गंभीर मतभेद और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी दावा किया था कि अप्रैल 2021 से विजय के एक अभिनेत्री के साथ कथित संबंध थे। हालांकि, याचिका में अभिनेत्री का नाम नहीं बताया गया था।
याचिका में संगीता ने कहा था कि उनके और विजय के बीच भावनात्मक दूरी बढ़ गई थी और परिस्थितियां ऐसी बन गई थीं कि दोनों एक ही घर में अलग-अलग रह रहे थे। उन्होंने विशेष विवाह अधिनियम के तहत विवाह विच्छेद की मांग की थी।
चुनाव के दौरान भी चर्चा में रहा था मामला
विजय और संगीता की तलाक संबंधी कानूनी कार्यवाही 26 फरवरी से शुरू हुई थी और बाद में सुनवाई की तारीख आगे बढ़ाई गई थी। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान यह मामला राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चा का विषय बना रहा।
इसी दौरान अभिनेत्री तृषा का नाम विजय के साथ जोड़े जाने की चर्चाएं भी सामने आई थीं। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक तौर पर किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है। तृषा 10 मई को विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कार्यक्रम में भी मौजूद थीं।
करीब 28 साल पुराना रिश्ता
विजय और संगीता का विवाह वर्ष 1998 में हुआ था। दोनों ने 10 जुलाई 1998 को ब्रिटेन में विवाह पंजीकृत कराया था। इसके बाद 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में पारंपरिक रीति-रिवाज से विवाह किया था। दोनों के वैवाहिक जीवन से दो बच्चे हैं।
अब संगीता द्वारा तलाक की अर्जी वापस लिए जाने के बाद इस मामले की कानूनी कार्यवाही समाप्त हो गई है। हालांकि, अर्जी वापस लेने के कारणों को लेकर उनकी ओर से कोई विस्तृत सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।


