फर्रुखाबाद। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को नगर क्षेत्र में व्यापक यातायात चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया।
अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी यातायात अभय वर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात ने संयुक्त रूप से किया। पुलिस और परिवहन विभाग की टीमों ने नगर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की।
चेकिंग के दौरान प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले वाहन, बिना सीट बेल्ट चलने वाले चालक, ट्रिपल सवारी करने वाले बाइक सवार, फाल्टी एवं नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट लगाने वाले वाहन, मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज करने वाली बाइक, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों (ड्रंक एंड ड्राइविंग) तथा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान कुल 273 वाहनों का चालान किया गया। गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 17 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 04 ओवरलोड वाहनों को भी सीज कर विधिक कार्रवाई की गई। इस अभियान में कुल ₹10,63,000 का समन शुल्क अधिरोपित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 273 वाहनों के चालान, 21 वाहन सीज


