फर्रुखाबाद। अधिवक्ता महासभा की अध्यक्षीय बैठक अध्यक्ष भुवेश कटियार एडवोकेट की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से अधिवक्ता महासभा के आगामी चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पांच सदस्यीय एल्डर्स कमेटी का गठन किया गया।
गठित एल्डर्स कमेटी में दयाशंकर तिवारी एडवोकेट, प्रद्युम्न कुमार गुप्ता एडवोकेट, प्रवीण चंद्र सक्सेना एडवोकेट, विपिन बिहारी सक्सेना एडवोकेट तथा ओम प्रकाश सिंह एडवोकेट को सदस्य नामित किया गया है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता महासभा के चुनाव संबंधी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं एवं कार्यक्रम एल्डर्स कमेटी की देखरेख में संपन्न कराए जाएंगे। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने सहभागिता कर चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया।
अधिवक्ता महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि एल्डर्स कमेटी शीघ्र ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर नामांकन, मतदान एवं मतगणना की रूपरेखा तय करेगी। बैठक के अंत में सभी अधिवक्ताओं ने निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।


