इटावा-बरेली हाईवे पर मदनपुर चौकी क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे के पास झाड़ियों में 40 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जबकि पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर घटना के हर पहलू की पड़ताल में जुटी है।
मृतक की पहचान कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अलाउद्दीनपुर निवासी स्वर्गीय गफरुद्दीन के पुत्र नफीस (40) के रूप में हुई। परिजन कई दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
परिजनों के अनुसार नफीस 10 जुलाई को अपने रिश्तेदार निजामुद्दीन के साथ गोवा मजदूरी करने गया था। काम रास न आने पर दोनों 31 जुलाई को ट्रेन से आगरा लौटे और वहां से बस द्वारा बेवर पहुंचे। 1 अगस्त को बेवर बस स्टैंड पर नफीस ने निजामुद्दीन से कहा कि वह शेविंग कराने जा रहा है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला तो निजामुद्दीन ने उसके भाई गुड्डू को सूचना दी। परिजनों ने कई स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूत्रों के अनुसार बेवर में शेविंग की दुकान पर नफीस का किसी से विवाद हुआ था। इसके बाद एक कोल्ड ड्रिंक की दुकान पर भी कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि चौकी पर तैनात होमगार्ड सुखबीर सिंह उसे टेंपो में बैठाकर नदी पार मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में छोड़कर लौट गया था। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बेवर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्हें 4 अगस्त को 24 घंटे और इंतजार करने की बात कही गई थी।
नफीस अपने पीछे पत्नी किस्मत तारा और तीन पुत्र उल्फत (13 वर्ष), नवीहार (11 वर्ष) तथा दिलजान (9 वर्ष) को छोड़ गया है।
मदनपुर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि बेवर चौराहे पर जिन दुकानदारों से विवाद की बात सामने आई है, उनसे पूछताछ की जा रही है। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड से भी जानकारी ली जा रही है तथा घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।


