सपा सरकार आई तो एक-एक ब्राह्मण के एनकाउंटर की जांच कराएंगे
लखनऊ। समाजवादी विचारक जनेश्वर मिश्र की जयंती पर बुधवार को समाजवादी पार्टी ने राजधानी लखनऊ में राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के साथ ब्राह्मण समाज को साधने की रणनीति पर जोर दिया। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वह पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां ‘प्रबुद्धजन सम्मेलन’ के माध्यम से प्रदेशभर से आए ब्राह्मण समाज के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया गया।
जनेश्वर मिश्र पार्क में पहले से मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया। गोल्फ कार्ट से प्रतिमा स्थल तक पहुंचते समय कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। सुरक्षा कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित प्रतिमा स्थल तक पहुंचाया।
सम्मेलन में पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने प्रदेश में ब्राह्मणों के कथित एनकाउंटर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो ऐसे सभी मामलों की जांच कराई जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। वहीं पूर्व विधायक पवन पांडेय ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में युवा वर्ग भाजपा को सत्ता से बाहर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
सपा ने इस आयोजन के जरिए ब्राह्मण समाज के साथ संवाद मजबूत करने, संगठन को विस्तार देने और 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक एवं राजनीतिक समीकरणों को साधने का स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की। सम्मेलन में आगामी चुनावी रणनीति, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक मजबूती पर भी चर्चा हुई।


