शमशाबाद/फर्रुखाबाद। बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते शमशाबाद क्षेत्र के हुसैनपुर तराई विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ग्राम बेला सराय गजा के करीब आधा सैकड़ा से अधिक विद्युत उपभोक्ता पिछले तीन दिनों से बिजली संकट झेल रहे हैं। लगातार विद्युत आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना उपकेंद्र के कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों को कई बार दी गई, लेकिन अब तक किसी ने समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाया। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों का विभाग पर से भरोसा उठता जा रहा है।
बिजली न होने से गांव में घरेलू कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। उमस भरी गर्मी के बीच बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि अधिकांश घरों में मोटर बिजली से संचालित होती हैं। वहीं मोबाइल फोन चार्ज न होने से लोगों को संचार संबंधी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों संतोष मिश्रा, अनुराग मिश्रा, अर्पित मिश्रा, विकास, अंकित, मोहित, गुड्डू अवस्थी सहित अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि रात के समय भी बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। इससे लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है और बिजली व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल खराबी दूर कर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो मजबूर होकर विद्युत उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
तीन दिनों से अंधेरे में डूबा बेला सराय गजा, बिजली विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश


