अमृतपुर/फर्रुखाबाद। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत राजेपुर पुलिस ने सोमवार को जिला बदर घोषित एक अपराधी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिला मजिस्ट्रेट फर्रुखाबाद द्वारा पारित जिला बदर आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए आरोपी को जनपद की सीमा से बाहर कराया।
पुलिस के अनुसार मनीष पुत्र जगबहादुर, निवासी ग्राम वीरसिंहपुर, थाना राजेपुर, जनपद फर्रुखाबाद के विरुद्ध पूर्व में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। आदेश के अनुपालन में सोमवार को पुलिस टीम ने आरोपी को जिला बदर आदेश की नोटिस विधिवत तामील कराई। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए उसे जनपद फर्रुखाबाद की सीमा से बाहर कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिला बदर आदेश का उद्देश्य ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर रोक लगाना है, जिनकी मौजूदगी से क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। यदि जिला बदर घोषित व्यक्ति आदेश का उल्लंघन कर निर्धारित अवधि के दौरान बिना अनुमति जनपद की सीमा में प्रवेश करता है, तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है। हिस्ट्रीशीटरों, गुंडा एक्ट के आरोपियों, वारंटियों तथा अन्य असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी है। जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।


