शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नगर पंचायत शमशाबाद में सड़क के बीचों-बीच खड़े बिजली के पोल स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। सड़क चौड़ीकरण के बाद भी बिजली विभाग द्वारा पोलों को सड़क किनारे स्थानांतरित नहीं किए जाने से दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। विशेषकर रात के समय वाहन चालकों को इन पोलों के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस गंभीर समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष जोया शाह फारूखी ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, फर्रुखाबाद के अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पत्र में बताया कि मोहल्ला खानपुर, चौखड़ा तथा शमशाबाद-फैजबाग मार्ग सहित नगर के कई स्थानों पर बिजली के पोल आज भी सड़क के बीचों-बीच खड़े हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इन पोलों से टकराकर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों को आवागमन में भय बना रहता है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द तकनीकी टीम भेजकर पूरे क्षेत्र का सर्वे कराया जाए और सड़क के बीच स्थित सभी बिजली के पोलों को सुरक्षित स्थान पर सड़क किनारे शिफ्ट कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने के बावजूद बीच में खड़े पोल दुर्घटनाओं को लगातार दावत दे रहे हैं। नागरिकों ने भी बिजली विभाग से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
सड़क के बीचों-बीच लगे बिजली के पोल बने हादसों की वजह


