33.3 C
Lucknow
Sunday, August 2, 2026

राहुल गांधी का Gen-Z अंदाज: फ्रेंडशिप डे पर ‘फिंगर हार्ट’ पोस्ट, NEET पेपर लीक पर मोदी सरकार पर फिर साधा निशाना

Must read

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) इन दिनों युवाओं, खासकर Gen-Z से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया पर नए अंदाज में सक्रिय नजर आ रहे हैं। फ्रेंडशिप डे के मौके पर उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट साझा कर सभी को शुभकामनाएं दीं। वहीं, इससे एक दिन पहले उन्होंने NEET पेपर लीक और परीक्षा से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों से मुलाकात कर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाए।

रविवार (2 अगस्त) को राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए कोरियन स्टाइल ‘फिंगर हार्ट’ (🫰) इमोजी का इस्तेमाल किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “अभी भी एक स्टूडेंट हूं, हर दिन कुछ नया सीख रहा हूं। आज का सबक यह है कि आज फ्रेंडशिप डे है और यह 🫰 एक दिल है। सभी को फ्रेंडशिप डे की बधाई। ढेर सारा प्यार!”

राहुल गांधी का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे युवाओं से जुड़ने की उनकी नई डिजिटल रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। फ्रेंडशिप डे पोस्ट से एक दिन पहले राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली से जुड़े तनाव के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि माता-पिता के लिए अपने बच्चे को खोने से बड़ा कोई दुख नहीं हो सकता।

राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द होना और वर्षों की मेहनत का बर्बाद होना देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनके मुताबिक, छात्रों से ईमानदारी से मेहनत करने की अपेक्षा की जाती है, लेकिन जिस व्यवस्था पर वे भरोसा करते हैं, वही उनके साथ ईमानदार नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्होंने न तो उन माता-पिता से मुलाकात की, जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है, और न ही उन छात्रों से, जिनका भविष्य पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हुआ। राहुल गांधी ने कहा कि देश के छात्रों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि एक पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के प्रति जवाबदेही तय होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

 

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article