लखनऊ: सावन की कांवड़ यात्रा पूरे उत्तर प्रदेश में आस्था और उत्साह के साथ जारी है। इस बार मुजफ्फरनगर पहुंची करीब 8 लाख रुपये की लागत से तैयार ‘मैक्लारेन कांवड़’ सबसे बड़ा आकर्षण बनी हुई है। सुपरकार की तर्ज पर बनाई गई इस अनोखी कांवड़ पर भगवान शिव की प्रतिमा विराजमान है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कांवड़ सेवा शिविर का उद्घाटन कर शिवभक्तों का स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया। वहीं अलीगढ़ के किसान संजय उर्फ संजू बाबा अपनी 8 वर्षीय बेटी और 7 वर्षीय भांजी को अलग-अलग कांवड़ों में बैठाकर हरिद्वार से पैदल यात्रा कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस यात्रा का उद्देश्य बेटियों के सम्मान, संस्कार और धर्म के प्रति जागरूकता का संदेश देना है।
उधर, कांवड़ यात्रा को देखते हुए कई जिलों में विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और बरेली सहित कई जिलों में स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है। कांवड़ मार्गों पर सीसीटीवी, एआई कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जा रही है, जबकि पुलिस और प्रशासन 24 घंटे अलर्ट मोड पर हैं ताकि लाखों शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।


