लखनऊ। बख्शी का तालाब व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर विधायक योगेश शुक्ला से मुलाकात कर रेलवे से जुड़ी प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा। यह मुलाकात लालबाग स्थित विधायक के शासकीय कार्यालय में हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से बीकेटी रेलवे स्टेशन पर टिकट आरक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग उठाई। व्यापारियों का कहना है कि आरक्षण सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों को टिकट बुक कराने के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती है।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने बीकेटी रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की। उनका कहना था कि स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय व्यापार और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
विधायक योगेश शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को संबंधित रेलवे अधिकारियों और रेल मंत्रालय के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इन विषयों पर सकारात्मक कार्रवाई का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।


