लखनऊ। सनातन धर्म को लेकर कथित विवादित बयान के विरोध में शनिवार को राजधानी लखनऊ में विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गोमती नगर स्थित कार्यालय पर एकत्र होकर सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव पर सनातन विरोधी बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयानों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी धर्म या उसकी परंपराओं का अपमान करना उचित नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि विवादित बयान वापस लेकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि सनातन संस्कृति करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है और इसके खिलाफ किसी भी प्रकार की टिप्पणी सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती है। संगठन ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


